प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खिजरसराय के मुख्य द्वार पर नाली का बड़ा गड्ढा, दुर्घटना की आशंका बढ़ी
खिजरसराय (गया)। खिजरसराय नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के मुख्य प्रवेश द्वार पर नाली के ऊपर बना बड़ा गड्ढा लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गड्ढे के कारण अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, परिजनों तथा विशेष रूप से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इमरजेंसी के दौरान तेज गति से आने वाली एंबुलेंस के इस गड्ढे में फंसने या असंतुलित होने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों ने अनुमंडल प्रशासन एवं नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जनहित और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया जाए तथा नाली के क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी संभावित बड़ी घटना को रोका जा सके।