#Balrampur ! लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें: एसपी
गूगल मीट के जरिए एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने दिए थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश, साइबर फ्रॉड पर 24 घंटे में एक्शन के आदेश
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामले प्रमुखता से आए। एसपी ने गूगल मीट के जरिए क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों से सीधे जुड़कर मौके पर ही दिशानिर्देश जारी किए।
एसपी के सख्त निर्देश:
पारदर्शी कार्रवाई: फरियादियों से शालीन व्यवहार करें। शिकायतों का समयबद्ध व विधिक निस्तारण अनिवार्य है, लापरवाही पर कार्रवाई तय है।
भूमि विवाद: राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर पुलिस टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष निस्तारण कराए।
महिला सुरक्षा: 'मिशन शक्ति' के तहत संवेदनशील इलाकों में महिला पुलिस की गश्त बढ़े तथा उत्पीड़न के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज हो।
साइबर सेल एक्टिव: साइबर फ्रॉड की शिकायतों पर साइबर सेल 24 घंटे के भीतर पीड़ित से संपर्क कर कार्रवाई शुरू करे।
एसपी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस (IGRS) व जनशिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा वे खुद करेंगे।
#balrampurpolice