#Balrampur ! मिसाइल मैन के आदर्शों पर चलकर ही समृद्ध होगा भारत: डी.पी. सिंह बैस
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन ने बलरामपुर में आयोजित की विचार गोष्ठी, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद
#बलरामपुर। भारत रत्न, महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर बुधवार रात्रि अल-रहमान हॉस्पिटल के सभागार में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन के तत्वावधान में एक विचार गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा डॉ. कलाम के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डी.पी. सिंह बैस ने युवाओं से डॉ. कलाम के आदर्शों और सपनों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
विचार गोष्ठी में फाउंडेशन के सचिव समीर अहमद सिद्दीकी ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, सादगी और उच्च विचारों का अद्भुत प्रतीक है। उन्होंने विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में देश को एक नई दिशा दी। वहीं, व्यवस्थापक मेहताब जमाल ने कलाम साहब के अतुलनीय योगदान को याद किया।
संस्था के सलाहकार मोहम्मद सलमान ने बताया कि ड्रीम फाउंडेशन वर्ष 2018 से प्रदेश भर में शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। जयंती के अवसर पर संस्था की अध्यक्ष सरीना बेगम के नेतृत्व में रायबरेली और उपाध्यक्ष बुशरा सिद्दीकी के नेतृत्व में उन्नाव समेत प्रदेश के कई जनपदों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सकों, शिक्षकों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने शिक्षा, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अल-रहमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अब्दुल कय्यूम, सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य काशी प्रसाद यादव एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जुबेर अहमद बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
#balrampur