📍पूर्व मुखिया जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू हत्याकांड के दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद
◆बनमा ईटहरी पुलिस और डीआईयू टीम की संयुक्त कार्रवाई, 26 अक्टूबर को गोली मारकर की गई थी हत्या।
सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में पूर्व मुखिया जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पहलम वार्ड संख्या-14 निवासी मोहम्मद सैफ तोसिफ उर्फ अम्मो (करीब 15 वर्ष) को निरुद्ध और मोहम्मद तोहिद रजा उर्फ सोनू (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
◆दिनदहाड़े गोली मारकर की गई थी हत्या:-
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया की 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:50 बजे मोबारकपुर और सरबेला के बीच बरपोखरिया से पहले वाली पुलिया के पास मोटरसाइकिल से जा रहे पूर्व मुखिया जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू मुखिया को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल जावेद इकबाल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
◆सात नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी:-
मृतक के भाई मोहम्मद आबेद इकबाल के आवेदन पर बनमा ईटहरी थाना कांड संख्या 187/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), आर्म्स एक्ट की धारा 27 सहित संबंधित धाराओं में सात नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
◆पुलिस और डीआईयू टीम ने की कार्रवाई:-
पुलिस अधीक्षक सहरसा विक्रम सिहाग के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में बनमा ईटहरी थाना पुलिस और गठित विशेष छापेमारी टीम ने डीआईयू टीम के सहयोग से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
◆अन्य आरोपियों की तलाश जारी:-
इस हत्याकांड में सात नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और सभी आरोपियों की भूमिका को लेकर अभी विस्तृत जानकारी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Kahara, Saharsa | Oct 30, 2026