उद्यानिकी आयुक्त ने किया जिले में उद्यानिकी योजनाओं एवं नवाचारों का निरीक्षण
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के आयुक्त श्री सौरभ कुमार सुमन ने जिले में संचालित उद्यानिकी योजनाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत लाभान्वित ग्राम कुलासकला के उद्यमी श्री गजराज वर्मा की कच्ची घानी तेल इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई में तेल उत्पादन प्रक्रिया, उत्पादों की गुणवत्ता की जानकारी ली। इसके पश्चात ग्राम टिटोरा के कृषक श्री संजय शर्मा के प्रक्षेत्र का भ्रमण कर शेडनेट हाउस में गुलाब एवं पॉलीहाउस में जरबेरा पुष्प की खेती का अवलोकन किया। आयुक्त ने संरक्षित खेती की तकनीक, उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कृषक के प्रयासों की सराहना की।
इसी क्रम में कृषक श्री संतोष कुशवाहा के खेत पर फूलगोभी की खेती एवं सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों से होने वाले आर्थिक लाभों पर भी चर्चा की गई। आयुक्त श्री सुमन ने जिले में उद्यानिकी योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं उद्यमियों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए उद्यानिकी गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक उद्यान श्री जगदीश सिंह मुझाल्दा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore