स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, 27 में से 9 पुरस्कार प्रदेश की झोली में आए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, रीवा, ग्वालियर सहित प्रदेश के शहरों की उपलब्धियों पर व्यक्त किया गर्व
भोपाल। स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर अपनी अग्रणी पहचान कायम करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया है। कुल 27 पुरस्कारों में से 9 पुरस्कार मध्यप्रदेश को मिलना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से देश में स्वच्छता अभियान एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छता को लेकर राज्यों और शहरों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना है, जिसमें मध्यप्रदेश प्रारंभ से ही अग्रणी रहा है। इस बार प्रदेश ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इंदौर ने 'स्वच्छ शहर जोड़ी' पहल के अंतर्गत देपालपुर के साथ मिलकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वहीं जबलपुर ने स्वच्छ शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।