#बालाघाट
सीएमएचओ डॉ. दाहिया ने सोनगुड्डा स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, नव्ही में बैगा परिवारों के घर पहुंचकर दी स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी
बीमार होने पर तत्काल आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम से संपर्क करने की सलाह, सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क जांच और दवाइयों की दी जानकारी
जिले के पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने 7 नवंबर को सोनगुड्डा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से चर्चा कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकीय एवं मैदानी अमले से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. दाहिया ग्राम नव्ही पहुंचे और वहां बैगा परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से उनके स्वास्थ्य, खानपान एवं पोषण की स्थिति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बैगा परिवारों को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक रहने की समझाइश देते हुए कहा कि परिवार के किसी भी सदस्य के बीमार होने पर घरेलू उपचार में समय न गंवाएं, बल्कि तत्काल गांव की आशा कार्यकर्ता अथवा एएनएम से संपर्क करें। आवश्यकता होने पर नजदीकी बिठली या सोनगुड्डा अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।
उन्होंने बताया कि शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों की निःशुल्क जांच की जाती है और उन्हें आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं। इसलिए बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार लेना चाहिए।
डॉ. दाहिया ने बैगा परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा बासी भोजन खाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षित खानपान और समय पर उपचार से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को भी निर्देशित किया कि बैगा बाहुल्य एवं पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में नियमित संपर्क बनाए रखें और प्रत्येक परिवार तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 7, 2026