बालाघाट
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बाल विवाह के विरोध और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की ली सामूहिक शपथ
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 27 नवंबर को वीरांगना रानी अवन्ति बाई शासकीय महाविद्यालय, खैरलांजी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों से समाज को अवगत कराना तथा बालक-बालिकाओं की शिक्षा, समानता एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना था। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर की उपस्थिति में सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण की सामूहिक शपथ ली। इसमें बाल विवाह का विरोध करने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर ने बाल विवाह के कारणों, इसके दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक और सक्रिय होना आवश्यक है।
समाजशास्त्र के प्राध्यापक श्री वीरेंद्र पटले ने विद्यार्थियों को बाल विवाह निषेध कानून, शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह रोकने में युवाओं की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने और बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं प्रभारी दायित्व शालिनी मेश्राम ने निभाया। उन्होंने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. प्रतिभा राजपूत, डॉ. अब्दुस शमीम, श्री खिनेश ठाकरे, श्री रोहित कुमार पांडेय, श्री वीरेंद्र पटले, श्री अमर सिंह गौड़ एवं डॉ. मनीष डोंगरे सहित महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp #BalVivahMuktBharat