पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और ग्रामीणों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 27 नवंबर को किरनापुर विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत डोंगरगांव के ग्राम बटकरी तथा ग्राम पंचायत बक्कर के ग्राम बोदालझोला, बोरवन, नंदोरा एवं सीतापार पहुंचकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने अधिकारियों को ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।