करमवा के अखाड़े में पहलवानों ने दिखाया दम, रामदास की पटखनी पर गूंजा तालियों का शोर
मझौलिया, पश्चिम चंपारण। नाग पंचमी के अवसर पर मझौलिया प्रखंड के करमवा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में महावीरी अखाड़ा के तत्वावधान में भव्य महादंगल का आयोजन किया गया। दंगल में नेपाल समेत महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात और हरियाणा से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भूमि पूजन के बाद मेला अध्यक्ष ललन साह, मोहन गुप्ता, पूर्व सरपंच तिलकधारी प्रसाद एवं दशरथ प्रसाद कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।