हिमगिरी-सियुल मार्ग पर हादसा टला
चढ़ाई पर पीछे खिसका रेत से लदा टिप्पर, नाले में गिरने से बाल-बाल बचा
चंबा, 1 अक्टूबर 2026
चंबा के हिमगिरी-सियुल मार्ग पर गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब रेत से लदा एक मालवाहक टिप्पर चढ़ाई चढ़ते समय अचानक पीछे की ओर खिसकने लगा।
देखते ही देखते टिप्पर सड़क के किनारे पहुंच गया और नाले की तरफ झुकने लगा। इससे मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि टिप्पर नाले में गिरने से पहले ही रुक गया।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टिप्पर के पिछले पहियों के आगे बड़े-बड़े पत्थर लगा दिए, ताकि वह आगे खिसककर नाले में न जा सके। इसी दौरान लोगों ने टिप्पर में सवार चालक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में चालक के सुरक्षित होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि टिप्पर नाले में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग के इस हिस्से में खड़ी चढ़ाई और सड़क की खराब स्थिति के कारण भारी वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि हिमगिरी-सियुल मार्ग के इस संवेदनशील हिस्से की सड़क की स्थिति में सुधार किया जाए तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
ट्राइबल लाइव न्यूज़ — खबर वही, जो जमीन पर दिखे।
Chamba, Chamba | Oct 1, 2026