Public App Logo
सरकार हमे अनाथ ना करे, बच्चे नाबालिग हैं, पति नहीं है। जब एक महिला ने बेलनी पुल निर्माण को लेकर बताई अपनी परेशानी।। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने दिया समर्थन,, रुद्रप्रयाग शहर के बेलनी में प्रस्तावित नए मोटर पुल के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्रस्तावित निर्माण स्थल के विरोध में स्थानीय व्यापारी और भवन स्वामी पिछले एक सप्ताह से धरने पर डटे हैं। लगातार बारिश के बावजूद आंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारियों ने प्रस्तावित स्थल पर पुल निर्माण के बजाय पुराने पुल के स्थान पर ही नया पुल बनाने की मांग की है। दरअसल, करीब 60 वर्ष पुराने जर्जर स्टील पुल के स्थान पर 85.68 मीटर लंबे नए मोटर सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 33.05 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल को पुराने पुल के अपस्ट्रीम साइड में बनाए जाने की योजना है। स्थानीय व्यापारी और भवन स्वामी इसी प्रस्तावित स्थल का विरोध कर रहे हैं। आंदोलन को नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत का भी समर्थन मिला है। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों और भवन स्वामियों की मांग को जायज बताते हुए उनके साथ खड़े रहने की बात कही। नगर पालिका अध्यक्ष के समर्थन के बाद आंदोलन को और मजबूती मिलने के संकेत हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि यदि नए पुल का निर्माण प्रस्तावित स्थल पर किया जाता है तो 35 से अधिक परिवार और कारोबारी सीधे प्रभावित हो सकते हैं। उनका दावा है कि कई लोग वर्षों से बेलनी क्षेत्र में दुकान और कारोबार संचालित कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में निर्माण कार्य से उनके सामने रोजगार और आवास का संकट खड़ा हो सकता है। आंदोलनकारियों की मांग है कि पुल निर्माण की योजना में पुनर्विचार करते हुए नया पुल पुराने पुल के स्थान पर ही बनाया जाए, ताकि क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य भी हो और स्थानीय व्यापारियों व भवन स्वामियों के हित भी सुरक्षित रहें। - Rudraprayag News