गिरिडीह के नगर थाना में युवक की पुलिस के द्वारा पिटाई ,अस्पताल में भर्ती
गिरिडीह। नगर थाना में 25 वर्षीय लखन साव की कथित पिटाई और तबीयत बिगड़ने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवक का आरोप है कि ऑर्बिट होटल के पास पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बाइक थाना ले गई। बाइक लेने थाना पहुंचने पर भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद थाना परिसर में उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस उसे सदर अस्पताल ले गई।
लखन की बहन ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। पुलिस के अनुसार युवक और उसके साथी नशे में थे और थाना पहुंचकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने मारपीट से इनकार किया है। मामले की सच्चाई मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और जांच से स्पष्ट होगी।