देव कार्तिक छठ मेला-2026 की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए 56 ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग, नियंत्रण कक्ष, आवासन एवं पार्किंग की व्यापक व्यवस्था
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) के निर्देशानुसार देव कार्तिक छठ मेला-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर देव मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मेला क्षेत्र का विस्तृत स्थल निरीक्षण एवं चिह्नांकन करते हुए प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर ड्रॉप गेट, संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग, महत्वपूर्ण स्थानों पर नियंत्रण कक्ष एवं वॉच टावर, श्रद्धालुओं के लिए आवासन स्थल तथा वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इन सभी स्थलों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है।
भीड़ नियंत्रण एवं सुगम आवागमन के लिए 56 ड्रॉप गेट चिह्नित
देव मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने, भीड़ के अनावश्यक दबाव को रोकने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कुल 56 ड्रॉप गेट चिह्नित किए गए हैं। इनकी व्यवस्था देव मोड़, जीटी रोड, दरमगा मोड़, खेसर मोड़, सलपुर मोड़, महाराणा प्रताप कॉलेज, कुम्हार बिगहा, प्रखंड कार्यालय के आसपास, भवानीपुर रोड, आरा मोड़, थाना मोड़, अस्पताल मोड़, सूर्य मंदिर मार्ग, हाजी नगर, मस्जिद रोड, कन्हैया मोड़, सिंचाई कॉलोनी, पैक्स गोदाम, चांदपुर, सुदी बिगहा, माले नगर, बेलसारा रोड, नरची गेट सहित अन्य महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों पर की जा रही है।
ड्रॉप गेट के माध्यम से मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश एवं निकास को नियंत्रित किया जाएगा। आवश्यकता के अनुरूप यातायात मार्ग में परिवर्तन कर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाया जा सकेगा। चिह्नित स्थलों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की जा रही है।
सूर्य मंदिर, सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड सहित संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सूर्य मंदिर परिसर, मंदिर के दक्षिणी द्वार से पीछे की गली तक तथा सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड के आसपास आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। विशेष रूप से दोनों कुंडों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त आवासन स्थलों, उच्च विद्युत तारों के समीप स्थित संवेदनशील क्षेत्रों तथा विभिन्न पार्किंग स्थलों पर भी आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि भीड़ के अनियंत्रित प्रवेश, अव्यवस्था एवं संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।
सुरक्षा निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष एवं वॉच टावर की व्यवस्था
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी, भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण स्थलों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की व्यवस्था की जा रही है।
इसके तहत किला के सामने स्थित नाट्य कला मंच, मंच के उत्तरी एवं दक्षिणी भाग, थाना परिसर तथा सूर्य मंदिर एवं कुंड परिसर सहित मेला क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था प्रस्तावित है।
इसके साथ ही सूर्य मंदिर, सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड सहित प्रमुख स्थलों पर वॉच टावर के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इससे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी परिस्थिति में संबंधित पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 10 आवासन स्थलों का चिह्नांकन
देव कार्तिक छठ मेला में अन्य जिलों एवं राज्यों से आने वाले छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 10 आवासन स्थलों को चिह्नित किया गया है। इनमें राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय, देव; राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय के पश्चिम एवं पीछे की ओर दिवाकर नगर; नरची गेट के पीछे दिवाकर नगर के समीप मैदान; थाना के समीप मेला क्षेत्र; बहुआरा मोड़ के नजदीक विजय दास धर्मशाला; हरिकीर्तन बिगहा पैक्स गोदाम का उत्तरी भाग; माले नगर के समीप चिह्नित स्थल; चांदपुर मध्य विद्यालय का मैदान तथा हाजी नगर में तिवारी जी के घर के समीप चिह्नित स्थल शामिल हैं।
इन आवासन स्थलों पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों को मेला अवधि के दौरान ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
यातायात एवं जाम से बचाव के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था
मेला क्षेत्र में वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश एवं जाम की स्थिति से बचाव के लिए विभिन्न मार्गों एवं संपर्क स्थलों के समीप अलग-अलग पार्किंग स्थलों का चिह्नांकन किया गया है। इनमें देव मोड़ के आसपास, थाना के पीछे, सिंचाई कॉलोनी के समीप, चांदपुर मध्य विद्यालय एवं उसके आसपास, पातालगंगा, कुम्हार बिगहा, सिंह हार्डवेयर के समीप, विशुनपुर प्राथमिक विद्यालय मैदान, एनएचआई के मैदान, माले नगर मोड़, राजा कुरका मैदान तथा बुधवा महादेव मंदिर के समीप सहित अन्य चिह्नित स्थल शामिल हैं।
इन पार्किंग स्थलों को विभिन्न सेक्टरों एवं दिशाओं के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा। मेला क्षेत्र में आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाएगा, जिससे मुख्य मार्गों एवं सूर्य मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात का दबाव कम होगा तथा श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा बनी रहेगी।
विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
देव कार्तिक छठ मेला के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी महत्वपूर्ण ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग स्थलों, नियंत्रण कक्ष, आवासन स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की जा रही है।
विशेष रूप से सूर्य मंदिर परिसर, सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड, प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन का संकल्प है कि देव कार्तिक छठ मेला-2026 में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले प्रत्येक छठव्रती एवं श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन द्वारा की जा रही इन व्यापक तैयारियों का उद्देश्य श्रद्धा, आस्था एवं लोकआस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
Deo, Aurangabad | Nov 11, 2026