छठ महापर्व के अवसर पर जनसंपर्क के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आमजनों को किया जा रहा जागरूक।
आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर जिंगल एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से छठ महापर्व से संबंधित संदेशों एवं जागरूकता सामग्री का प्रसारण किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक आवश्यक सूचनाएं पहुंचाई जा सकें।
इस पहल का उद्देश्य छठव्रतियों, श्रद्धालुओं एवं आमजनों को पर्व से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराना है।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि किसी भी व्रती अथवा श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा सभी लोग शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में लोक आस्था के महापर्व को मना सकें।
Deo, Aurangabad | Nov 11, 2026