रामलीला–एक जीवंत विरासत कार्यक्रम का हुआ समापन, लंका विजय से लेकर श्रीराम राज्याभिषेक तक के प्रसंगों का हुआ मंचन
ओरछा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं सभ्यता फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री रामराजा मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय “रामलीला – एक जीवंत विरासत” कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन शुभ प्रवेश रामलीला मंडली द्वारा रामायण के प्रमुख प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय एवं संवादों के माध्यम से दर्शकों को रामायण की कथा से भावनात्मक रूप से जोड़ा।
समापन दिवस पर लंका विजय से लेकर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने तथा श्रीराम राज्याभिषेक तक के प्रसंगों का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा रावण पर विजय प्राप्त करने, माता सीता सहित अयोध्या वापसी तथा अयोध्या में श्रीराम के राज्याभिषेक के दृश्यों को कलाकारों ने अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श, सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा एवं लोककल्याण के संदेश को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
श्री रामराजा मंदिर परिसर में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन ने ओरछा की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम में रामायण के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं लोक आस्था से दर्शकों को परिचित कराया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, तहसीलदार श्री जगदीश रंधावा, पर्यटन विभाग से कार्यपालन यंत्री श्री अनूप गुप्ता, सहायक यंत्री श्री पीयूष बाजपेई सहित स्थानीय नागरिक, कलाकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Department of Culture, Madhya Pradesh Madhya Pradesh Tourism Jansampark Madhya Pradesh #ओरछा #रामलीला #JansamparkMP #niwari
3 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026