खुश होकर दायित्व निभाएं, जीवन में जरूर आनंद मिलेगा : टीआई लक्ष्मण सिंह लववंशी
________________
भगवानपुरा में आनंद विभाग की एक दिवसीय अल्पविराम कार्यशाला आयोजित
________________
कार्यशाला में तनावमुक्त जीवन, रिश्तों के महत्व और आत्मचिंतन पर दिया जोर
________________
खरगोन 14 अक्टूबर 2026। आनंद विभाग द्वारा भगवानपुरा में एक दिवसीय अल्पविराम कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के समापन सत्र में मुख्य अतिथि थाना प्रभारी श्री लक्ष्मण सिंह लववंशी ने कहा कि व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन प्रसन्नता के साथ करना चाहिए। काम को बोझ नहीं समझना चाहिए, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना चाहिए। परिवार के लिए भी समय निकालना जरूरी है। इससे जीवन में संतुलन बना रहता है और आनंद की अनुभूति होती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिला कार्यक्रम लीडर आनंद श्री के.बी. मंसारे ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने आनंद संस्थान का परिचय वीडियो प्रदर्शित कर आनंद की ओर सत्र की शुरुआत की।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर श्रीमती नीरजा चंदेल ने जीवन का लेखा-जोखा, आनंद की ओर तथा जीवन में रिश्तों के महत्व जैसे विषयों पर सत्र लिए। श्री रमेश चक्रवर्ती ने वीडियो के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों को प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों को स्वयं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली घटनाओं को साझा करने का अवसर दिया गया। प्रेरक वीडियो, शांत समय एवं मौन की प्रक्रिया के साथ मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
कार्यशाला के दौरान जीवन को तनावमुक्त बनाने, भौतिक संसाधनों का सीमित उपयोग करने तथा अहंकार, नफरत, क्रोध और लालच जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने के महत्व पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को आत्मचिंतन के माध्यम से स्वयं को समझने और जीवन में आनंद अनुभव करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
दिनभर चले सत्रों के बाद प्रतिभागियों से कार्यशाला का फीडबैक लिया गया। प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण में पहली बार शामिल होकर उन्हें जीवन जीने की कला सीखने और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयं को समझने का अवसर मिला। अंत में अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Oct 14, 2026