महाराजगंज: नाराज किशोरी ने देवरिया शाखा नहर में लगाई छलांग, तेज बहाव में लापता 🚨
#महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में देवरिया शाखा नहर में कूद गई। देखते ही देखते वह नहर की तेज धारा में बह गई और लापता हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा खोजबीन शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोरी घर में किसी बात को लेकर नाराज थी। मंगलवार को वह अकेले घर से निकली और नहर के किनारे पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने अचानक नहर में छलांग लगा दी। पास के खेत में काम कर रहे एक किसान ने घटना देखकर शोर मचाया और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक किशोरी तेज बहाव में दूर निकल चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। भिटौली चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने मोटरबोट की सहायता से नहर में सघन खोज अभियान चलाया।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका था। नहर में तेज जल प्रवाह के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई है।
#maharajganj #maharajganjnews