राष्ट्रीय सेवा योजना के अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दूसरे दिन मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास पर हुआ व्याख्यान
डीडवाना। राजकीय कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, मानसिक स्वास्थ्य एवं मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. चेनाराम मुंदलियाके उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होकर सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसके पश्चात डॉ. के.के. मिश्रा ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताते हुए तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इरशाद अली खान ने विद्यार्थियों को PPIT फॉर्मूले के माध्यम से मंच पर बोलने के भय (स्टेज फोबिया) को दूर करने के उपाय बताए। उन्होंने समझाया कि PPIT का अर्थ Person, Place, Issue और Time है। भाषण तैयार करते समय वक्ता को इन चारों बिंदुओं को ध्यान में रखना चाहिए। इससे भाषण अधिक प्रभावी बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि उचित तैयारी, अभ्यास और आत्मविश्वास के माध्यम से वे मंच पर प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रख सकते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा गोदारा ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाए रखने तथा अपने समय का सदुपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय की वाटिका में साफ-सफाई का कार्य किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अंतिमा अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी पूजा सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Oct 14, 2026