मंडियों में अव्यवस्था और सरकारी खरीद में लापरवाही के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने भाजपा कार्यालय के सामने फूंका सरकार का पुतला
भिवानी, 17 अक्टूबर,2026
संयुक्त किसान मोर्चा भिवानी ने मंडियों में अव्यवस्थाओं और खरीफ फसलों की सरकारी खरीद में भारी लापरवाही के विरोध में स्थानीय तोशाम बाईपास रोड स्थित भाजपा कार्यालय के सामने हरियाणा और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। किसानों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल ने की तथा मंच संचालन जिला सचिव मास्टर जगरोशन ने किया।
किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उप प्रधान कामरेड ओम प्रकाश , जिला सचिव मास्टर जगरोशन तथा युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने कहा कि सरकार द्वारा 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। मूंग और बाजरे की सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को प्रति क्विंटल 250 से 600 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। धान की खरीद में नमी के नाम पर 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल तक कम भाव मिल रहा है। बारिश से धान भीगने, मंडियों में पर्याप्त जगह और तिरपाल की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जीटी रोड़ पर 10 जिलों में 8.72 लाख मीट्रिक टन धान भीग गया तथा भिवानी दादरी की मंडियों में 5500 मीर्ट्रिक टन बाजरा खराब हो गया ।
किसान नेताओं ने कहा कि मंडियों में जीओ टैगिंग और बायोमेट्रिक जैसी प्रक्रियाओं ने खरीद को और धीमा कर दिया है। किसानों को रबी फसल के लिए प्रयाप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है ।किसान यूरिया और डीएपी खाद के लिए भटक रहे हैं, नहरों में पानी नहीं आ रहा तथा पेयजल संकट भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल 2023 में क्षेमा कम्पनी द्वारा 250 करोड़ रूपये किसानों के साथ किए गए फ्राड का भुगतान हेतु लम्बे संघर्ष के बाद हरियाणा सरकार ने क्षेमा कंपनी से ब्याज सहित भुगतान दिलाने का आदेश दिया था , वह भी लागू नहीं हो रहा है । झुप्पा से जींद-सोनीपत तक प्रस्तावित टावर लाइन के लिए उचित मुआवजा देने और किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की।
संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सरकारी खरीद व्यवस्था दुरुस्त कर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मास्टर शेर सिंह , किसान नेत्री सन्तोष देशवाल , उर्मिल मंडीवाल , उपासना सिंह , कर्ण सिंह जैनावास , सुबेदार धनपत ओबरा , राजेश कुंगड़ , सतबीर सिंह घुसकानी , राजकुमार दलाल , नरेश कुमार शर्मा , रतन जिंदल , डा० फूल सिंह धनाना , महेन्द्र पाल यादव , प्रताप सिंह सिंहमार , निर्मल नाथुवास , अनिल शेषमा , दलबीर चैहड़ , महीपाल बिद्धनोई , मीर सिंह ओबरा , महेन्द्र तंवर , मंदर सिंह जांगड़ा, राजेंद्र धायल , माईराम कासनी , सतबीर ओबरा , रामसिंह ओबरा, उमेद गारनपुरा , दयानन्द फौजी पंघाल , ओम प्रकाश दलाल , कंवर सिंह जांगड़ा , कमल सिंह मैनेजर , रामनारायण , सहित दर्जनों किसान शामिल थे।
जारी कर्ता कामरेड ओमप्रकाश , जिला उप प्रधान किसान सभा भिवानी ।