स्वच्छ हवा के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जनहित में अपील
- वाहन, जनरेटर और निर्माण स्थलों से होने वाले प्रदूषण पर लगाएं लगाम
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अपील, नियमों की पालना कर स्वच्छ हवा बनाने में दें सहयोग
भिवानी, 17 अक्टूबर। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय भिवानी ने वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए आमजन, वाहन चालकों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा निर्माण परियोजना संचालकों से सहयोग की अपील की है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अजीत सिंह ने वाहन चालकों से वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र रखने, वाहनों की नियमित सर्विस करवाने, अधिक धुआं छोडऩे वाले वाहनों की मरम्मत करवाने तथा रेड लाइट पर अनावश्यक रूप से इंजन चालू न रखने का आह्वान किया है। छोटी दूरी के लिए पैदल चलने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की सलाह भी दी गई है।
प्रदुषण नियंत्रण ने नागरिकों से आह्वान किया है कि जनरेटर का अनावश्यक संचालन न करें। जनरेटर का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करें। नियमों की अवहेलना पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के लिए निर्माण सामग्री व मलबे को ढककर रखें, सामग्री ढोने वाले वाहनों पर तिरपाल लगाएं, नियमित पानी का छिडक़ाव करें तथा सडक़ों पर धूल-मिट्टी फैलने से रोकें। सभी नागरिक और संस्थान अपने स्तर पर प्रयास करें, ताकि स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।