सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए तहसीलदार ने किया विदिशा के कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण
..
विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में विदिशा तहसीलदार श्रीमती प्रीति पंथी ने मंगलवार को नगर में संचालित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित पांच कोचिंग सेंटरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
तहसीलदार श्रीमती पंथी ने कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी, पेयजल व्यवस्था, विद्यार्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कोचिंग संचालकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी कोचिंग सेंटरों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। कहीं फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे तो कहीं स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता महसूस की गई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कोचिंग संचालकों के विरुद्ध नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 24, 2026