शिक्षा संबल योजना में विदिशा के तीन विद्यार्थियों का चयन, कोटा में मिलेगी निःशुल्क नीट कोचिंग
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के प्रयास रंग लाए, विदिशा के विद्यार्थियों ने फिर बढ़ाया जिले का मान
..
शासकीय विद्यालयों के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिला कोटा में निःशुल्क नीट कोचिंग का अवसर
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप विदिशा जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। शिक्षा संबल योजना अंतर्गत आयोजित निःशुल्क नीट कोचिंग प्रवेश परीक्षा के फाइनल घोषित परिणामों में जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय विदिशा के दो मेधावी विद्यार्थियों सुमित कुमार बैरागी, मनु तिवारी एवं शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कसवा बगरोद की मेधावी छात्रा संगीता चिडार का चयन हुआ है। चयनित तीनों विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित कोचिंग हब कोटा में निःशुल्क नीट कोचिंग प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा संबल योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को केवल निःशुल्क कोचिंग ही नहीं, बल्कि आवास, भोजन एवं अध्ययन से संबंधित आवश्यक सुविधाएँ भी प्रदान की जाती हैं, जिससे वे बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूर्ण समर्पण के साथ तैयारी कर सकें।
कलेक्टर श्री गुप्ता के विशेष प्रयासों से विदिशा को परीक्षा के लिए सेंटर बनाया गया एवं जिले के विद्यार्थियों को अन्य शहरों में जाकर परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं पड़ी, जिससे विद्यार्थियों को सहभागिता करने में और आर्थिक दृष्टि से भी बड़ी राहत प्राप्त हुई। अब परीक्षा परिणाम में जिले के तीन विद्यार्थियों का चयन होना इस पहल की सफलता को और अधिक सार्थक बनाता है।
यह सफलता न केवल इन विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का प्रतिफल है, बल्कि यह जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और उचित मार्गदर्शन से बड़े से बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
जिला प्रशासन का सतत प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि वे भविष्य में चिकित्सक, एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर सकें।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 24, 2026