शादी डॉट कॉम से बंगाल की युवती से रचाई शादी, 5 साल बाद पत्नी हुई फरार--
8 माह के बच्चे, वृद्ध मां और लाखों के जेवर-नकदी ले जाने का आरोप, CCTV बंद कर मोबाइल भी किया स्विच ऑफ--
छतरपुर। सोशल मीडिया और ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए बने रिश्ते का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक परिवार को मुश्किल में डाल दिया है। छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हमां गांव निवासी नरेंद्र विश्वकर्मा ने करीब पांच साल पहले Shaadi.com के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी प्रियंका मुकुती से संपर्क किया था। करीब चार महीने बातचीत के बाद दोनों ने शादी कर ली।
नरेंद्र के मुताबिक प्रियंका ने शादी से पहले बताया था कि उसके परिवार में कोई नहीं है और उसकी वृद्ध मां ही उसके साथ है। इसके बाद नरेंद्र ने प्रियंका से शादी कर उसकी वृद्ध मां को भी अपने साथ रख लिया। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए।
नरेंद्र का आरोप है कि 10 सितंबर को उसका बड़ा बच्चा स्कूल गया हुआ था। इसी दौरान प्रियंका घर में लगे CCTV कैमरे बंद कर अपनी मां और 8 माह के छोटे बच्चे को साथ लेकर घर से चली गई। नरेंद्र के मुताबिक घर से करीब एक लाख रुपये नकद, मंगलसूत्र और सोने की कान की बालियां भी गायब हैं। पत्नी और सास के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं।
नरेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी अक्सर बंगाली भाषा में किसी से फोन पर बातचीत करती थी। बंगाली भाषा समझ नहीं आने के कारण उसे पता नहीं चल पाता था कि वह किससे और क्या बात करती थी। जब वह दोपहर करीब 3 बजे खाना खाने घर पहुंचा तो पत्नी, सास और छोटा बच्चा घर पर नहीं थे। घर में लगे CCTV कैमरे भी बंद मिले।
काफी तलाश के बाद जब पत्नी और बच्चे का कोई पता नहीं चला तो नरेंद्र सिटी कोतवाली थाना पहुंचा और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर तलाश की कार्रवाई की जा रही है।
'पत्नी नहीं चाहिए, बस मेरा बेटा मुझे वापस चाहिए'
मीडिया के सामने नरेंद्र ने भावुक होकर कहा कि ऑनलाइन सोशल साइट के जरिए जीवन का इतना बड़ा फैसला लेना उसके लिए भारी पड़ गया है। उसने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह खुद ऐसी गलती कर चुका है और अब भुगत रहा है। नरेंद्र ने कहा कि उसे अपनी पत्नी से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन उसका 8 माह का बच्चा उसे वापस मिल जाए, यही उसकी मांग है।