• जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित
• विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप राशि के उपयोग पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेन्द्र मेवाड़ा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही 16वें वित्त आयोग के अनुदान के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने एजेण्डे के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि अनाबद्ध अनुदान से गौशाला, सड़क, नाली, खेल मैदान, पुस्तकालय और पंचायत भवनों में डिजिटल सुविधाओं सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा सकेंगे। इस राशि का अधिकतम 20 प्रतिशत हिस्सा ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत पर खर्च किया जा सकेगा। आबद्ध अनुदान से पेयजल व्यवस्था, पाइपलाइन, जल स्रोतों की सुरक्षा, शौचालय, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोग की राशि से वेतन, मानदेय, वाहन खरीद, विज्ञापन, समारोह और अन्य प्रशासनिक खर्च नहीं किए जा सकेंगे। अन्य योजनाओं से पहले से वित्तपोषित कार्यों पर दोबारा राशि खर्च करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। बैठक में विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप राशि के उपयोग पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री जीवन सिंह मंडलोई सहित समिति के सभी सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
1 views | Sehore, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026