(1) केंद्रीय कारागृह में मनाया प्लास्टिक मुक्त दिवस
बंदियों और स्टाफ ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
@followers @top fans News 24 Udaipur
#nonfollowers #viralpost #udaipur #CentralJail #BRICS
उदयपुर, 5 नवंबर। केंद्रीय कारागृह उदयपुर में 1 से 7 नवंबर तक आयोजित ‘विकसित सतत् जीवनशैली सप्ताह 2026’ के तहत गुरुवार को पांचवें दिन प्लास्टिक मुक्त दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कारागृह को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा प्लास्टिक थैलियों के स्थान पर कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों सहित लगभग 1100 बंदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक राजपाल सिंह ने बंदियों एवं स्टाफ को प्लास्टिक से पर्यावरण और जीव-जंतुओं को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण प्रदूषण की गंभीर समस्या है। प्लास्टिक न तो आसानी से गलता है और न ही मिट्टी व पानी में नष्ट होता है। यह लंबे समय तक पर्यावरण को प्रदूषित करता रहता है तथा पशुओं और जलीय जीवों के लिए भी जानलेवा साबित होता है। उन्होंने सभी से दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग बंद कर कपड़े एवं जूट के थैलों को अपनाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस दौरान बंदियों से मुलाकात करने आने वाले परिजनों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े एवं जूट के थैलों में सामान लाने के लिए प्रेरित किया गया। मुलाकात कराने वाले एवं तलाशी लेने वाले कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि कोई भी सामान प्लास्टिक की थैली में अंदर नहीं ले जाया जाए। प्लास्टिक की थैलियों से सामान निकालकर कपड़े एवं जूट के थैलों में रखकर ही कारागृह में प्रवेश दिया जाए।
जेल अधीक्षक की प्रेरणा से मुलाकात के लिए आए परिजनों ने भी प्लास्टिक की थैलियों से सामान निकालकर कपड़े के थैलों में रखा और प्लास्टिक मुक्त कारागृह बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम में कारापाल भगवान सहाय, अचलाराम भाटी, भामरलाल, उप कारापाल रणवीर सिंह, मुख्य प्रहरी, प्रहरी एवं बंदियों ने भाग लिया।
______________________________________________________________________
(2) जागरूकता रैली निकाली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
उदयपुर, 05 नवम्बर। मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण के लिए जीवनशैली (मिशन लाइफ) अभियान के तहत गुरुवार 5 नवंबर को पर्यावरण संरक्षण एवं एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार संचालित सात दिवसीय जागरूकता अभियान के अंतर्गत किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. पप्पूलाल शर्मा ने बताया कि मिशन लाइफ का उद्देश्य दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने के लिए विद्यार्थियों एवं आमजन को प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य से रैली के माध्यम से एकल उपयोग प्लास्टिक का त्याग करने, कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर फतहसागर पाल तक आयोजित की गई। रैली में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा स्वच्छता से संबंधित नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली के माध्यम से लोगों से एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, प्लास्टिक के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य विकल्प अपनाने तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर डॉ. हरि ओम गुप्ता ने भी अपने संदेश के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं आमजन से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने, एकल उपयोग प्लास्टिक का त्याग करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
प्रो. अवधेश भट्ट, प्रो. पंकज मारोलिया, प्रो. कमलेश कुमार शर्मा, प्रो. नरेंद्र कुमार, सहायक आचार्य डॉ. मनप्रीत कौर, सहायक आचार्य डॉ. हरि ओम शर्मा, डॉ इकबाल गौरी सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण, इंटर्न, स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Girwa, Udaipur | Nov 5, 2026