### बनास नदी की पुलिया से नदी में गिरी कार, तीनों सवार सुरक्षित बचाए गए
सवाई माधोपुर। भूरी पहाड़ी मार्ग स्थित बनास नदी की पुलिया पर गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिया पार करते समय एक कार अनियंत्रित होकर सीधे बनास नदी में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में तीन लोग सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से तीनों सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात कार भूरी पहाड़ी की तरफ से गुजर रही थी। इसी दौरान बनास नदी की पुलिया पार करते समय चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पुलिया से नीचे नदी में जा गिरी। कार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा पुलिस प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और नदी में फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वहीं, तीनों सवारों को बाहर निकालने के बाद क्रेन और स्थानीय संसाधनों की मदद से नदी में डूबी कार को भी काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कार अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।