त्योहारों से पहले देवास पुलिस की जनचौपाल, सुरक्षा और जागरूकता का दिया संदेश
देवास। आगामी गणेश उत्सव और नवरात्रि को देखते हुए देवास पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनचौपाल आयोजित कर आमजन और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। पुलिस ने नागरिकों की समस्याएं और सुझाव जानने के साथ ही त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में आयोजित जनचौपालों में धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, यातायात और आवागमन सुचारु रखने को लेकर आयोजन समितियों को आवश्यक समझाइश दी गई। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। इसके अलावा साइबर फ्रॉड से बचने के लिए ओटीपी, पिन और बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
जनचौपाल में हेलमेट, यातायात नियमों के पालन, महिला सुरक्षा और नशे से दूर रहने को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना देने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2024 से 15 सितंबर 2026 तक जिले में 4,338 जनचौपाल आयोजित कर 1,40,005 लोगों से प्रत्यक्ष संवाद किया जा चुका है।