महादलित टोले पहुंचे जिलाधिकारी, अनुसूचित जाति बैठका का किया निरीक्षण; स्थानीय लोगों से संवाद कर सुनीं समस्याएं
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने आज ग्राम पंचायत परिहार दक्षिणी स्थित महादलित टोले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कायाकल्प योजना के तहत निर्मित अनुसूचित जाति बैठका का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने टोले के स्थानीय लोगों एवं महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं स्थानीय स्तर पर आ रही कठिनाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने सभी की बातें गंभीरतापूर्वक सुनीं और समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए उनकी शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर संबंधित अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित कर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।