करोड़ों की ठगी के मामले में जेल में बंद ममतांजलि ग्रुप के सीएमडी संतोष यादव को गाजीपुर कोतवाली पुलिस रविवार को रिमांड पर मुहम्मदाबाद लाई। पुलिस उसे मलिकापुरा नई बस्ती स्थित ग्रुप के कार्यालय ले गई और वहां रखे दस्तावेज सील कर अपने साथ ले गई।
संतोष यादव के पुलिस अभिरक्षा में कार्यालय पहुंचने की जानकारी मिलने पर निवेशकों की भीड़ जमा हो गई।
लोग अपने निवेश की रकम वापस मिलने को लेकर बात कर रहे थे।
आरोप है कि ममतांजलि ग्रुप ने ज्यादा ब्याज देने का कहकर कई लोगों से करोड़ों रुपए निवेश कराए। निवेशकों को हर महीने 18 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा था। मई के बाद लोगों के खातों में रकम आनी बंद हो गई। इसके बाद निवेश कराने वाले एजेंट कार्यालय बंद कर भूमिगत हो गए।
निवेशकों ने गाजीपुर कोतवाली में ग्रुप के सीएमडी संतोष यादव के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच के सिलसिले में पुलिस रविवार को उन्हें रिमांड पर लेकर मलिकापुरा नई बस्ती स्थित कार्यालय पहुंची।
पुलिस ने कार्यालय के मुख्य दरवाजे और दूसरे कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखे दस्तावेज सील किए। निरीक्षक नागेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यालय से करीब 32.40 करोड़ रुपए के लेनदेन की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद सही जानकारी सामने आएगी। इस दौरान स्थानीय पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। #BreakingNews #GhazipurNews
Sevrai, Ghazipur | Nov 22, 2026