#गाजीपुर में एयर रेड सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट, अफीम फैक्ट्री में दिखा युद्धकालीन आपातकाल का नजारा
पुलिस, सीआईएसएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया संयुक्त मॉकड्रिल, घायलों के रेस्क्यू और आग बुझाने का हुआ सजीव प्रदर्शन
गाजीपुर। जनपद में युद्धकालीन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, कचहरी रोड पर वृहद एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक चले इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, आगजनी, बमबारी और राहत-बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, अफीम फैक्ट्री प्रबंधक रजत तिवारी तथा सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट गोविन्द नारायन मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मॉकड्रिल के दौरान शाम 6 बजे सीआईएसएफ की बटालियन ने मॉक एयर रेड सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी। इसके तत्काल बाद विद्युत विभाग ने निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट कराया। इस दौरान लोगों को घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने, मोबाइल की रोशनी का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया समझाई गई।
शाम 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजने के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू हुआ। पुलिस, नेहरू युवा केंद्र और आपदा मित्रों की टीम ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर निर्धारित शरणालयों तक पहुंचाने का अभ्यास किया।
वहीं अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने आग बुझाने के उपकरणों के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस की टीम ने घायलों की स्थिति के अनुसार टैगिंग, प्राथमिक उपचार और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
इस दौरान रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर खुले स्थानों से दूर रहें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें और जमीन पर लेटकर सिर को हाथों या बैग से ढक लें।
समापन पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने सभी विभागों और सुरक्षा बलों के आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने और राहत-बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मॉकड्रिल में सीआईएसएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, शिक्षा, सूचना विभाग, नगर निकाय, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, रेडक्रॉस सोसाइटी, भारत स्काउट एवं गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक तथा आपदा मित्रों ने सक्रिय भागीदारी की। #ghazipur_city #ghazipurpolice #GhazipurNews #BreakingNews Ghazipur Police