तीन मासूम बच्चों संग DM कार्यालय पहुंचा बेबस पति, बोला— "3 महीने से पत्नी लापता, अब न्याय की आखिरी उम्मीद प्रशासन"
जालौन में एक मजदूर अपनी पत्नी की तलाश में पिछले तीन महीनों से दर-दर भटक रहा है। जब पुलिस से लगातार गुहार लगाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वह अपने तीन मासूम बच्चों को साथ लेकर जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया। बेबस पिता का कहना है कि अब उसके परिवार को प्रशासन से ही इंसाफ की उम्मीद है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के रहिया गांव निवासी ऋषि राज मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके अनुसार 11 अप्रैल को उसकी पत्नी अनीता उर्फ ममता (32) संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। घटना के बाद उसने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने उरई कोतवाली में शिकायत दर्ज कराकर पत्नी की तलाश की मांग की।
पीड़ित का आरोप है कि तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। उसका कहना है कि हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, लेकिन उसकी पत्नी की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ऋषि राज का यह भी आरोप है कि उसकी पत्नी का आटा क्षेत्र निवासी अभिषेक नाम के युवक से संपर्क था। उसने पुलिस को इस संबंध में जानकारी देकर इस पहलू की भी जांच करने की मांग की थी, लेकिन उसके मुताबिक इस दिशा में गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई।
पत्नी के लापता होने के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया है। तीनों छोटे बच्चे रोज अपनी मां के लौटने का इंतजार करते हैं और उसकी याद में रो पड़ते हैं। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा ऋषि राज अब प्रशासन से अपनी पत्नी की सकुशल बरामदगी और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
नोट: यह खबर पीड़ित द्वारा दिये गए बयान और जानकारी के आधार पर है, इसकी पूरी सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 23, 2026