पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, पति की मदद से पुलिस ने उतारा
.
#हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी एक महिला ने सोमवार को पुलिस प्रशासन के लिए घंटों तक चुनौती खड़ी कर दी। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, प्रशासन और स्थानीय पत्रकारों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार महिला की पहचान प्रीति यादव, पत्नी अनिल यादव, निवासी ककरा तिराहा, हरपालपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक युवक से हुए विवाद के बाद नाराज होकर वह पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।
घटनास्थल पर सीओ सिटी, सीओ हरपालपुर, शहर कोतवाली पुलिस, मजिस्ट्रेट समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद पुलिस एवं पत्रकारों की सूझबूझ से महिला के पति का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पति अनिल यादव ने पुलिस की मदद से टंकी पर चढ़कर पत्नी को समझाया और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला के नीचे उतरते ही प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इस पूरे घटनाक्रम में आज तक के संवाददाता प्रशांत पाठक और दैनिक भास्कर के संवाददाता अनुभव बाजपेयी की भूमिका भी सराहनीय रही, जिनके प्रयासों से महिला के परिजनों तक संपर्क स्थापित करने में मदद मिली।
- द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Jun 16, 2026