"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" 15 दिवसीय अभियान के क्रम में जागरूकता रैली कार्यक्रम आयोजित
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन श्री वर्मा एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छिंदवाड़ा जोन श्री सिंह ने जागृति रथ और जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, नशामुक्त समाज का दिया संदेश
===================================
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत रविवार को पुलिस ग्राउण्ड छिंदवाड़ा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन श्री प्रमोद वर्मा एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छिंदवाड़ा जोन श्री राकेश सिंह ने जागृति रथ और जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
रैली बस स्टैंड, फव्वारा चौक, सत्कार चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने प्रेरक नारे लगाए, नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए, प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता पोस्टर लगाए तथा आमजन को पंपलेट वितरित किए। जागृति रथ से प्रसारित संदेशों एवं नशामुक्ति गीतों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाई, जिसके बाद जागरूकता रैली और विशेष संदेश वाले ऑडियो रथ को रवाना किया गया। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) के जवानों, ट्राइबल स्कूल के विद्यार्थियों, पुलिस कर्मचारियों तथा पुलिस बैंड ने रैली में भाग लिया। आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर नशामुक्ति का संदेश दिया गया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों ने नशामुक्त रहने का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर किए और सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं।
इस महाअभियान में जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों ने सहभागिता की। वहीं कार्तिकेय एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी, वरिष्ठ नागरिक एकता मंच, गायत्री परिवार, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रमोद वर्मा, उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश सिंह, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, आठवीं बटालियन सेनानी श्रीमती निवेदिता गुप्ता, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम श्री सुधीर जैन, सीएसपी श्री अजय राणा, डीएसपी यातायात श्री रामेश्वर चौबे, रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी, यातायात प्रभारी सूबेदार श्री लोहित शेंडे, थाना प्रभारी कोतवाली श्री आशीष धुर्वे, थाना प्रभारी कुंडीपुरा श्री महेंद्र भगत, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नशा मुक्ति केंद्र के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
छिंदवाड़ा पुलिस ने बताया कि 30 जुलाई तक जिलेभर में रैली, जनसंवाद, शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, शपथ एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जनभागीदारी से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
#NasheSeDooriHaiZaroori2.0
#NashaMuktBharat
#नशा_मुक्त_मध्यप्रदेश #NashaMuktChhindwara
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh
97 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 19, 2026