सिटी कोतवाली छिंदवाड़ा में "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नशा मुक्ति के साथ सर्पदंश बचाव पर भी किया गया जागरूक
==========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक- 7 प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति एवं मॉडल फ्यूचर कला एवं तकनीकी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में सिटी कोतवाली छिंदवाड़ा में आज "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व मॉडल फ्यूचर कला एवं तकनीकी शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती आयशा लोधी ने किया। इस अवसर पर टी-वर्ल्ड मल्टी लैंग्वेज स्कूल के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसके बाद सभी उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सर्पदंश (सांप के काटने) से बचाव विषय पर विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में बताया गया कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं से बचने के लिए घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखना, झाड़ियों की नियमित सफाई करना, रात्रि में टॉर्च का उपयोग करना, खेतों एवं खुले स्थानों पर कार्य करते समय जूते पहनना तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराना अत्यंत आवश्यक है। उपस्थित नागरिकों ने इस विषय पर जागरूकता फैलाने का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मॉडल फ्यूचर कला एवं तकनीकी शिक्षा समिति के कोषाध्यक्ष मोहम्मद इस्माइल कुरैशी, सदस्य श्रीमती कोशिमा रजक, सह सचिव श्री शैलेंद्र उजवने, समाजसेवी डॉ. मीरा पराड़कर, श्रीमती अलका शुक्ला एवं श्रीमती वंदना भटपगार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। टी-वर्ल्ड मल्टी लैंग्वेज स्कूल के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सिटी कोतवाली पुलिस का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान एसआई श्री चेतन मर्सकोले, एचसी श्री ओमप्रकाश कांगाली, एचसी श्री रमेश यादव, आरक्षक श्री भास्कर बघेल, श्री जयनारायण सूर्य, महिला आरक्षक सुश्री बेबी उइके, सुश्री शिवानी बघेल तथा सुश्री पूजा बोपचे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि नशा मुक्ति और सर्पदंश बचाव जैसे जनहित के विषयों पर समाज में निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि एक स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
70 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 20, 2026