समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 333, दिनांक 25.06.2026
*****************************
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
*****************************
आज दिनांक 25 जून 2026 को
जिला पदाधिकारी, शेखपुरा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियों, चुनौतियों तथा सुधारात्मक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने जिले में क्रियाशील हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की राज्य स्तर पर जारी रैंकिंग की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के गुणवत्तापूर्ण संचालन एवं बेहतर प्रदर्शन के कारण राज्य स्तरीय रैंकिंग में शेखपुरा जिले की सराहनीय उपलब्धि की भी प्रशंसा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और सुदृढ़ किया जाए ताकि आमजन को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला पदाधिकारी महोदय ने आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे गृह आधारित भ्रमण की समीक्षा करते हुए क्षेत्र भ्रमण को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की समय पर प्रसव पूर्व जांच एएनसी सुनिश्चित करने तथा चिन्हित सभी उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों के नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन, चिकित्सा पदाधिकारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा रेफरल सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सिविल सर्जन, शेखपुरा, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तथा प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल इंडिया, पॉपुलेशन सर्विस इंटरनेशनल इंडिया,पिरामल इंडिया आदि सहयोगी संस्थाओं ने भाग लिया।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
7 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 25, 2026