समाहरणालय, शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति : 336 दिनांक 26.06.2026
*******मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, पदाधिकारी लगातार कर रहे हैं क्षेत्र भ्रमण******
मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु के निर्देशों के अनुपालन के क्रम में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा सभी पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रख रहे हैं।
इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार द्वारा शहर के प्रमुख ताज़िया जुलूस मार्गों, विसर्जन स्थलों, चौक-चौराहों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। देर रात्रि में भी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा चाँदनी चौक सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों, ताज़िया जुलूस मार्गों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी, गश्ती दल एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
वर्तमान में जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा सुश्री प्रियंका कुमारी ने कहा कि "जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदय के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पूरे जिले में मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था का प्रभावी संधारण किया जा रहा है। सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें। शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।"
*डी॰पी॰आर॰ओ॰*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
19 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 27, 2026