समाहरणालय, शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति : 335, दिनांक 25.06.2026
**************मोहर्रम पर्व को लेकर शेखपुरा थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित : सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील* *****************
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 25 जून 2026 को जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदय के निदेशानुसार शेखपुरा थाना परिसर में मुहर्रम ताज़िया समितियों के प्रतिनिधियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा ने की। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेखपुरा तथा थानाध्यक्ष, शेखपुरा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में ताज़िया समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग एवं आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित सभी समिति प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को दें। प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की।
थानाध्यक्ष, शेखपुरा ने बैठक में उपस्थित सभी ताज़िया समितियों के प्रतिनिधियों से जुलूस मार्ग, समय-सीमा, ध्वनि विस्तारक यंत्र के संबंध में जारी निर्देशों तथा अन्य प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल थाना से संपर्क स्थापित करें, जिससे समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी ताज़िया समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
51 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 26, 2026