समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 334, दिनांक 25.06.2026
*****************************
*मोहर्रम को लेकर डीएम और एसपी का फ्लैग मार्च: शांति, भाईचारे और भयमुक्त वातावरण में पर्व मनाने की अपील*
***************************
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आज दिनांक 25 जून 2026 को जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। जिले में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु के संयुक्त नेतृत्व में एक विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया। सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों का यह काफिला समाहरणालय परेड ग्राउंड से रवाना हुआ। इसके बाद यह मार्च जिले के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों से गुजरा, जिसमें मुख्य रूप से चाँदनी चौक, पटेल चौक, गिरहिन्डा, बिचली गली शहरी क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का काफिला अरियरी प्रखंड के सनैया पंचायत पहुंचा, जहाँ अधिकारियों ने स्थिति का जमीनी मुआयना किया।
ग्रामीणों से संवाद और सख्त हिदायत
सनैया पंचायत में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद और पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु ने स्थानीय ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा
"मोहर्रम का यह पर्व सभी लोग आपसी प्रेम, मिलजुलकर और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। शेखपुरा जिला इस पर्व को स्वच्छ, निष्पक्ष और पूरी तरह भयमुक्त माहौल में मनाएगा। प्रशासन की हर गतिविधि पर पैनी नजर है।"
जिला पदाधिकारी महोदय ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक उन पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस फ्लैग मार्च और शांति व्यवस्था की मुहिम में जिला व पुलिस प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। मौके पर मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी
स्थानीय जनप्रतिनिधि
संबंधित थानों के थानाध्यक्ष एवं भारी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।
प्रशासन के इस कदम से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
65 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 26, 2026