व्यासपुर/ यमुनानगर , 20 नवंबर - केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि श्री कपाल मोचन मेला देश की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी आस्था और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। कपाल मोचन की पवित्र भूमि का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व है और यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु श्रद्धा एवं विश्वास के साथ पहुंचते हैं। उन्होंने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराएं निरंतर समृद्ध होती हैं। केंद्रीय मंत्री, मेला श्री कपाल मोचन- श्री आदि बद्री 2026 के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित श्रद्घालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह की अध्यक्षता हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के 50 करोड़ लोगों गरीबी की रेखा से बाहर निकाला और जो मध्यम वर्ग का जीवन जीने का सौभाग्य प्राप्त कर चुके हैं। यह भारत में क्रांतिकारी परिवर्तन का समय है। भारत में आतंकवाद लगभग समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि आज देश से नक्सलवाद समूल रूप से समाप्त हो गया है। देश में आंतरिक शांति का दौर है, देश आर्थिक दृष्टि से प्रगति कर रहा है। देश विकसित होने की दिशा में 140 करोड़ लोगों की ताकत से नित्य प्रतिदिन एक कदम आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रगति के पथ पर चलते हुए 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। दुनिया की कोई ताकत अब भारत को विकसित होने से नहीं रोक सकती। इस अवसर पर उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर, राजगुरु, सुभाष चंद्र बोस को भी याद किया और कहा कि इन्होंने अपने प्राणों को आहुति दी और देश को आजादी दिलवाई। श्री कपाल मोचन की पावन धरती से हम इस बात के लिए प्रेरणा लें कि हम जल के संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता के साथ पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए संकल्पबद्ध हों। उन्होंने श्री कपाल मोचन मेले में आमंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।
बॉक्स- इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा श्री कपाल मोचन मेले में लगी राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई विभिन्न विभागों की स्टालों एवं हस्त शिल्प बाजार का भ्रमण कर उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री ने मोबाइल पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया जोकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर हरियाणा की वित्त आयुक्त सुमिता मिश्रा, अंबाला डिवीजन के आयुक्त संजीव वर्मा, हरियाणा पुलिस के आईजी पंकज नैन, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक श्रीमती रेणू बाला, मेयर श्रीमती सुमन बहमनी, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल, एससी—एसटी आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल खद्दरी, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, हरियाणा सफाई आयोग के चेयरमेन एवं पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री धूमन सिंह किरमच, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा,जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, मेला प्रशासक एवं एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, रादौर के एसडीएम नरेंद्र कुमार, छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल सहित प्रशासन के साथ-साथ सिख संगतों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।