कपाल मोचन मेले के सांस्कृतिक मंच पर सूफी गायकी और लोक संस्कृति का दिखा अनूठा संगम
प्रसिद्ध पंजाबी गायक सत्ती सतविंदर ने सूफी अंदाज में धार्मिक भजनों से बांधा समां, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
व्यासपुर/यमुनानगर, 20 नवंबर- श्री कपाल मोचन मेला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धा, भक्ति और भारतीय लोक संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। मेले के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर प्रसिद्ध पंजाबी गायक सत्ती सतविंदर ने अपने सूफी अंदाज में धार्मिक भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी मधुर आवाज और भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, ड्रामा पार्टी करनाल के कलाकारों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सरस्वती वंदना न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल व्यासपुर द्वारा प्रस्तुत की गई तथा राजस्थानी नृत्य एमएलएन स्कूल यमुनानगर द्वारा, हरियाणवी नृत्य न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल यमुनानगर, जीएनजी कॉलेज यमुनानगर द्वारा सितार पर वंदना प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। बता दें कि श्री कपालमोचन मेला के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर 21 नवंबर शनिवार को सूफी नाईट विद शमशेर सिंह लहरी का कार्यक्रम सांय 6 बजे होगा तथा 22 नवंबर रविवार को हिंद दी चादर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 23 नवंबर को गतका, ड्रोन, लाइट एवं साउंड शो आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे।
जिला सूचना जन सम्पर्क विभाग, करनाल से आई ड्रामा पार्टी ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में ड्रामा निरीक्षक सुमेर पाल के नेतृत्व में हरियाणवी गीत प्रस्तुत किए। ड्रामा पार्टी ने श्री नायब की सरकार में मौज करा सब नर नारी इत्यादि गीत प्रस्तुत किए। इसके अलावा हास्य कलाकार गुलाब सिंह ने अपने चुटकुलों के माध्यम से लोगों का भरपूर मनोरंजन भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में ड्रामा पार्टी ने अपने बेहतरीन गीतों के माध्यम से हरियाणा सरकार की नीतियों एवं योजनाओं की भी श्रद्धालुओं को जानकारी दी।