हरदोई पुलिस ने तीन महीने में बरामद किए 220 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाए तो खिले चेहरे
हरदोई। खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को हरदोई पुलिस ने बड़ी राहत दी है। सर्विलांस सेल और CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 220 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई शुरू की। सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।
6 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने पुलिस कार्यालय में बरामद किए गए 220 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार जताया।
मोबाइल फोन की बरामदगी में इंस्पेक्टर वहीद अहमद, उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार, हेड कांस्टेबल आशुतोष कुमार, कांस्टेबल राजकुमार वर्मा, ओमवीर सिंह, नितिन कुमार गुप्ता और यादवेंद्र सिंह सहित सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के मुताबिक CEIR पोर्टल और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से गुम मोबाइलों की तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट: देवेन्द्र सिंह
#Hardoi #HardoiNews #HardoiPolice #hardoi_city #CEIR #MobileRecovery