जनसुनवाई में 141 शिकायतें प्राप्त, अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई में कुल 141 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और नगर पालिका के अधिकारियों की वीडियो लिंक के माध्यम से उपस्थिति ली। इस दौरान कुछ अधिकारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयावधि में नियमित रूप से जनसुनवाई की जाए। स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पात्र लोगों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।