खरगोन में जिला स्तरीय बैंड प्रतियोगिता आयोजित
________________
चार विद्यालयों के 120 बालक-बालिकाओं ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां
________________
5 नवंबर को इंदौर में होगी संभाग स्तरीय बैंड प्रतियोगिता
________________
खरगोन 02 नवंबर 2026। लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेज सिंह राठौर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों में सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अनुशासन की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंड प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवंबर को महर्षि विद्या मंदिर खरगोन के प्रांगण में जिला स्तरीय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया।
प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मंदिर खरगोन, देवी रुक्मणी स्कूल खरगोन, आदित्य इंटरनेशनल स्कूल खरगोन एवं भंडारी पब्लिक स्कूल गोपालपुरा खरगोन के कुल 120 बालक-बालिकाओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने आकर्षक बैंड प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, सामूहिक समन्वय एवं अनुशासन का प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महर्षि विद्या मंदिर के प्राचार्य श्री नितिन सोलंकी, क्रीड़ा निरीक्षक श्री हबीब बेग मिर्जा, श्री अमरेंद्र शाह (केंद्रीय विद्यालय), श्री दीपक गोरिल्ला (पुलिस बैंड प्रभारी, डीआरपी लाइन), श्री मुरली घोड़े (उत्कृष्ट विद्यालय, खरगोन), श्री तैकामद (क्रिएटिव पब्लिक स्कूल, खरगोन), खेल शिक्षक श्री ऋतिक बिल्लोरे, श्रीमती अन्नपूर्णा सिकरवार एवं श्री लकी सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के बैंड प्रभारी एवं मार्गदर्शी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
5 नवंबर को इंदौर में होगी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के बाद आगामी 5 नवंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से अहिल्या आश्रम हायर सेकेंडरी विद्यालय क्रमांक-2, इंदौर के प्रांगण में संभाग स्तरीय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग में खरगोन जिले सहित इंदौर संभाग के विभिन्न जिलों से चयनित उत्कृष्ट बैंड दल सहभागिता करेंगे तथा अपनी कला, प्रतिभा एवं अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।
#JansamparkMP #khargone