प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में की विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा
________________
कम बारिश के चलते गेहूं का रकबा घटाकर चने का रकबा बढ़ाया, किसानों को एमपी चिता ब्रांड के उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
________________
अगले दो माह में छात्रावासों की व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतें शून्य करने और जिले की सभी आंगनवाड़ियों को जनसहयोग से मॉडल बनाने की पहल करें – प्रभारी मंत्री श्री सारंग
________________
खरगोन 01 नवंबर 2026। जिले के प्रभारी एवं मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी वर्ष 2026-27 में बोई जाने वाली फसलों की स्थिति सहित कृषि, जनजातीय कार्य, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता तथा खेल विभाग की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
रबी वर्ष 2026-27 की फसल बोवनी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कम बारिश के कारण गेहूं का रकबा कम कर चने का रकबा बढ़ाया गया है। इस पर प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने कहा कि फसल परिवर्तन के निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आने वाले समय में किसानों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों को एमपी चिता ब्रांड के उच्च गुणवत्ता वाले कपास बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके लिए सहकारिता विभाग को कृषि विभाग के साथ समन्वय कर किसानों तक बीज पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जिले में उर्वरक को लेकर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण सुचारू रूप से जारी रखा जाए। कृषि विभाग की केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं में नए किसानों को भी हितग्राही के रूप में जोड़ना सुनिश्चित करें। ऐसा नहीं होना चाहिए कि योजनाओं का लाभ केवल पुराने किसानों तक ही सीमित रह जाए।
अगले दो माह में छात्रावासों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का लक्ष्य
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने जिले के सभी जनजातीय छात्रावासों में शौचालय, आवास, भोजन, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों से संबंधित व्यवस्थाओं की शिकायतें आगामी दो माह में शून्य होनी चाहिए। छात्र-छात्राओं को शासन की सभी योजनाओं का लाभ मिले तथा कोई भी बच्चा छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने छात्रवृत्ति वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने तथा छात्रावासों के शेष निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को अगले दो माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
जनसहयोग से जिले की सभी आंगनवाड़ियों को मॉडल बनाने की पहल
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने कहा कि जिले की सभी आंगनवाड़ियां व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त होनी चाहिए। शासन द्वारा संचालित आंगनवाड़ी गोद लेने की पहल के अंतर्गत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति, सामाजिक संस्थाएं एवं विकास सलाहकार समिति के सदस्य एक-एक आंगनवाड़ी गोद लेकर उसे जनसहयोग से मॉडल आंगनवाड़ी के रूप में विकसित करें। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से खरगोन जिले की आंगनवाड़ियों को बेहतर बनाकर जिले को एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।
दूध उत्पादन एवं संग्रहण में जिले को मॉडल बनाने पर जोर
प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने कहा कि जिले में दुग्ध उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन एवं दूध संग्रहण की व्यवस्थाओं को मजबूत करते हुए जिले को इस क्षेत्र में मॉडल के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाएं। सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान सीपीपीपी मॉडल पर अपेक्षित कार्य नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए। मत्स्य समितियों की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिए कि मत्स्य पालन के पट्टों का आवंटन केवल संबंधित मत्स्य समिति के पात्र मछुआरा समाज को ही किया जाए तथा अन्य किसी को पट्टे आवंटित न किए जाएं।
विभागीय निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए बनेगी व्यवस्था
प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए कि एक विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण दूसरे विभाग के अधिकारियों से कराया जाए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का बेहतर मूल्यांकन हो सके। उन्होंने कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद द्वारा संचालित मिशन बेंचमार्क की सराहना करते हुए जनसहयोग से शासकीय विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल को सराहनीय बताया।
खेलो खरगोन का शुभारंभ, पारंपरिक खेलों को भी जोड़ने के निर्देश
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने रिमोट का बटन दबाकर खेलो खरगोन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेलो खरगोन में आधुनिक खेलों के साथ पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाए, ताकि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल सके।
उन्होंने आगामी दिनों में किसानों का सम्मेलन आयोजित करने की बात भी कही। इस सम्मेलन में किसानों के योगदान के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ ही किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए सरकार के प्रति साधुवाद व्यक्त किया जाएगा।
बैठक में खरगोन विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार, बड़वाह विधायक श्री सचिन बिरला, महेश्वर विधायक श्री राजकुमार मेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौड़, डीएफओ श्री रमेश राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे सहित अन्य जिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone Vishvas Kailash Sarang
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 2, 2026