*जिला पदाधिकारी ने डीसीएलआर कार्यालय, सोनपुर का किया निरीक्षण, कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश*
================
छपरा, 29 अगस्त 2026
================
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने आज डीसीएलआर, सोनपुर के कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यालय की स्थापना शाखा, विभिन्न दस्तावेजों एवं अभिलेखों के संधारण तथा संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने कार्यालय में म्यूटेशन अपील से संबंधित अभिलेखों, व्यवहार न्यायालय से संबंधित मामलों, विभिन्न मामलों में अभिलेखों की उपलब्धता एवं संधारण तथा दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से संबंधित मामलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति की भी जानकारी ली तथा अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय के कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं अभिलेखों के समुचित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को लंबित मामलों का नियमानुसार एवं शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में आम लोगों को समय पर सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यालय में प्राप्त आवेदनों एवं मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, सारण श्री मुकेश कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर श्रीमती स्निग्धा नेहा तथा भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सोनपुर श्री राधे श्याम कुमार मिश्रा एवं संबंधित सभी कर्मी भी उपस्थित रहे।
Saharsa, Bihar | Aug 29, 2026