हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने मेला समिति के साथ की बैठक
सड़क, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग, प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश
छपरा, 29 अगस्त 2026।
आगामी 23 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मेला समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला समिति के सदस्यों ने मेला आयोजन को और बेहतर, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के संबंध में विभिन्न सुझाव एवं विचार रखे।
बैठक में मेला क्षेत्र की सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव, वैकल्पिक मार्गों के निर्माण एवं रखरखाव, पार्किंग क्षेत्र, लाइटिंग, विद्युत पोल एवं तारों की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम एवं साफ-सफाई सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मेला समिति द्वारा श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त वैकल्पिक मार्गों के विकास का भी सुझाव दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सड़क निर्माण एवं रखरखाव के लिए आरसीडी, आरडब्ल्यूडी तथा नगर पंचायत को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। वहीं लाइटिंग, विद्युत पोल एवं तारों की समुचित व्यवस्था के लिए संबंधित विद्युत पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित पदाधिकारी को नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। मेला अवधि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा गया।
बैठक में हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की विशिष्ट पहचान के अनुरूप पशु मेला एवं पशु प्रदर्शनी को बेहतर एवं आकर्षक बनाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही, मेले को बाबा हरिहरनाथ मंदिर से जोड़ते हुए मंदिर की भव्य आरती एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को आकर्षक स्वरूप देने के संबंध में प्राप्त सुझावों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मेला समिति के सदस्यों द्वारा कलर कोडिंग के माध्यम से दुकानों, स्टॉल एवं अन्य क्षेत्रों को व्यवस्थित एवं आसानी से पहचान योग्य बनाने का सुझाव दिया गया। जिला पदाधिकारी ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए इस पर विचार कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में लगने वाली दुकानों, स्टॉल एवं पंडालों की व्यवस्था इस प्रकार की जाए कि कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य आयोजन से एक-दो दिन पूर्व ही सभी दुकान, स्टॉल एवं पंडाल पूरी तरह व्यवस्थित एवं तैयार हो जाएं। इसके लिए टेंडर एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्व में ही पूर्ण करने तथा संबंधित कार्यों की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस संबंध में नजारत शाखा को आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित कार्यों की प्रक्रिया पूर्व में ही पूर्ण कराने तथा आवश्यक बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि मेला शुरू होने के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मेला क्षेत्र में दिन के समय अपेक्षाकृत कम भीड़ रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए दुकानों एवं स्टॉलों के आसपास आकर्षक कार्यक्रम आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। मेला समिति द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप इस संबंध में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को डीडीसी के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा गया।
मेला क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि मेला आयोजन के दौरान स्थानीय निवासियों के आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा उनकी सामान्य दिनचर्या अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में मेला क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों को चिह्नित करते हुए उनकी सुविधा एवं आवागमन को ध्यान में रखकर आवश्यक लाइसेंस निर्गत करने के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
मेला के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला के प्रमुख आयोजनों तथा विशेष रूप से महत्वपूर्ण तिथियों पर आने वाले प्रसिद्ध कलाकारों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन आयोजनों की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस दिशा में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला प्रशासन एवं सोनपुर अनुमंडल प्रशासन के सभी संबंधित पदाधिकारी, माननीय विधायक, सोनपुर तथा मेला समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला सारण की ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पशु व्यापार की समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसलिए मेला के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों, स्थानीय निवासियों एवं आम लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
Saharsa, Bihar | Aug 29, 2026