प्रतापगढ़ में पुलिस सीधी भर्ती-2023 के तहत एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे का लाभ लेने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने वाले आठ आरक्षियों के खिलाफ कोतवाली सिटी में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस प्रकरण का खुलासा उप-निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने किया, जो पूर्व में पुलिस लाइंस में आरटीसी प्रभारी थे। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि जनपद में तैनात कुछ आरक्षियों ने भर्ती के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित होने का दावा करते हुए जाली प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे। संदेह होने पर क्षेत्राधिकारी स्तर से इन प्रमाण पत्रों की जांच संबंधित जिलों में कराई गई।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि जिन जनपदों से प्रमाण पत्र जारी होने का दावा किया गया था, वहां से ऐसे कोई प्रमाण पत्र जारी ही नहीं हुए थे। इससे स्पष्ट हो गया कि इन अभ्यर्थियों ने नौकरी में फर्जीवाड़ा किया। था।
पुलिस ने इस मामले में अभिषेक पाण्डेय, शुभम दूबे, रविशंकर, प्रदीप कुमार, अजय कुमार, खुशबू गुप्ता, आकाश मिश्रा और दिव्यांशू यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूट रचना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनकी नौकरी पर भी संकट मंडरा रहा है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हो सकती है।