संतकबीरनगर में शिक्षक एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 86.30 प्रतिशत हुआ मतदान
संतकबीरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत संतकबीरनगर जनपद में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो गया। जनपद के सभी सात मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल 86.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक के निर्देशन और मार्गदर्शन में मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गई। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो निर्धारित समय शाम चार बजे तक चला। इस दौरान मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक तथा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना पूरे दिन जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन का जायजा लिया। साथ ही मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
वहीं, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रहे। जिला मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम से भी अधिकारी निरंतर संपर्क में रहे।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद में शिक्षक एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले में 86.30 प्रतिशत मतदान दर्ज होना निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं की अच्छी भागीदारी को दर्शाता है।