मऊ में कस्तूरबा गांधी विद्यालय का DM ने किया औचक निरीक्षण, बालिकाओं से पढ़ाई का लिया फीडबैक
मऊ के रानीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बालिकाओं से संवाद किया और पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछकर शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने किचन और स्टॉक रूम का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्टॉक रजिस्टर का मिलान कराया। डॉरमेट्री में बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। कंप्यूटर कक्ष में सभी कंप्यूटर क्रियाशील मिले, जबकि लाइब्रेरी में बालिकाओं की जरूरत के अनुसार उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराने को कहा गया। विद्यालय में चल रहे टॉयलेट ब्लॉक और अतिरिक्त डॉरमेट्री के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। डीएम ने निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय के पीछे स्थित जर्जर भवन को नियमानुसार ध्वस्त कराने को कहा।